जम्मू-कश्मीर में बारिश और बाढ़ से भारी तबाही, पूरा बाजार हो गया गायब, तीन की मौत

JHVP BHARAT NEWS


- जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में रविवार को प्रलयंकारी बारिश के कारण भारी तबाही मची है. भारी बारिश के कारण अलग-अलग जगहों पर आई बाढ़ में तीन लोगों की मौत हो गई. 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. लगातार बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाशरी और बनिहाल के बीच करीब एक दर्जन स्थानों पर भूस्खलन और मिट्टी धंसने की घटनाएं हुईं. यातायात को रोक दिया गया. बाढ़ में कई गाड़ियां बह गईं. जबकि कई मकान जमींदोज हो गए.
जम्मू-कश्मीर के रामबन के सेरी बागना गांव में बादल फटने से तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में से दो की पहचान अकीब अहमद और मोहम्मद साकिब के रूप में की गई है. वे दोनों भाई थे. धर्म कुंड गांव में अचानक आई बाढ़ के कारण करीब 40 मकान क्षतिग्रस्त हो गए. भारी बारिश, बादल फटने, तेज हवाओं, भूस्खलन और ओलावृष्टि के कारण पूरे जिले में भारी नुकसान हुआ है.
जम्मू-कश्मीर राजमार्ग बंद, सैकड़ों यात्री फंसे
बाढ़ और भारी बारिश से जम्मू-कश्मीर राजमार्ग बूरी तरह प्रभावित हुआ है. एक अधिकारियों ने बताया कि 250 किलोमीटर लंबे राजमार्ग के बंद होने के कारण इस पर सैकड़ों यात्री फंस गए हैं. यह कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र सड़क मार्ग है. अधिकारियों ने बताया कि पंथियाल के पास भी सड़क का एक हिस्सा बह गया है. उन्होंने बताया कि फंसे हुए सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
बहुत हद तक नुकसान का अंदेशा है, त्राहि त्राहि मचा है
भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित एक स्थानीय निवासी ओम सिंह ने एएनआई के साथ बातचीत में बताया, “मैं दूसरी तरफ रहता हूं, लेकिन वहां भी पानी का बहाव बहुत तेज था, हम समय पर यहां नहीं पहुंच सके. जब मैं यहां पहुंचा तो देखा कि मेरी दुकान समेत पूरा बाजार ही गायब हो गया था. ऐसा पहली बार देख रहा हूं.”




