तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े साइकिल सवार किशोर को मारा जोरदार धक्का, वाहन सहित चालक फरार: परवेज आलम/दिलखुश
चिंताजनक हालत में मायागंज रेफर

पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाकारित कार का नंबर प्लेट किया जप्त
बिहपुर। झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मरवा गांव समीप बजरंगबली मंदिर के सामने एनएच 31 पर मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित फॉर्च्यूनर कार ने सड़क किनारे खड़े साइकिल सवार किशोर को जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में साइकिल सवार किशोर बिहपुर थाना क्षेत्र के नन्हकार निवासी मो चांद पिता मो मुबारक उम्र 14 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार नवगछिया से नारायणपुर की ओर जा रही उजले रंग की फॉर्च्यूनर कार रजिस्ट्रेशन संख्या बीआर 10 ए के 6193 काफी तेज रफ्तार में था। वही साइकिल सवार किशोर एनएच 31 सड़क पार कर घर जा रहा था। इससे पहले उसने सड़क किनारे साइकिल रोका ही था तभी काफी तेज गति में कार ने उसे रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धक्का लगते ही जोरदार आवाज के साथ साइकिल सवार काफी दूर जा गिरा। उसकी साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। खून से लथपथ किशोर सड़क पर मरनासन्न स्थिति में तड़प रहा था। वही धक्का लगने के बाद कार सवार कार सहित नारायणपुर की ओर भागने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम एवं झंडापुर थाना पुलिस के सहयोग से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहपुर में भर्ती कराया गया। जहां सीएचसी के डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर ईलाज हेतु मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी घरवालो को मिलते ही सभी मायागंज अस्पताल पहुंचे। जहां किशोर की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। झंडापुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि उक्त कार का अगला वाइजर और नंबर प्लेट घटनास्थल पर ही गिर गया था। जिसे जप्त कर लिया गया है। वही वाहन नम्बर के आधार पर दुर्घटनाकारित उक्त वाहन मालिक व चालक का पता किया जा रहा है। मामले में पुलिस अग्रतर कार्यवाई कर रही है।




