सपने में मृत परिजनों के आने का अर्थ जानिए
मृत व्यक्ति का सपने में आना हमारे अवचेतन मन और परलोक के बीच एक पुल की तरह है.

JHVP BHARAT NEWS/ स्वपनों की निराली दुनिया
EDITED BY: परवेज़ भारतीय
स्वप्न शास्त्र: नींद में दिखाई देने वाले सपने सिर्फ मन की कल्पना नहीं होते, बल्कि ज्योतिष और स्वप्न शास्त्र के अनुसार ये हमारे भविष्य और वर्तमान स्थितियों के महत्वपूर्ण संकेत होते हैं. अक्सर लोग अपने उन प्रियजनों को सपने में देखते हैं जो अब इस दुनिया में नहीं हैं. कई बार हम इसे यादों का हिस्सा समझकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन शास्त्रों की मानें तो मृत परिजनों का स्वप्न में आना एक गहरा आध्यात्मिक संदेश हो सकता है. पूर्वजों का स्वप्न आना जीवन में कई बड़े बदलाव के संकेत देते हैं. ये संकेत सुख-समृद्धि और शांति से जुड़े हो सकते हैं. जबकि, कुछ के संकेत आर्थिक नुकसान या बड़ी चेतावनी हो सकते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि पूर्वजों से जुड़े सपने किन बातों का संकेत देते हैं.
सपने में मृत परिजनों के आने का अर्थ
स्वप्न शास्त्र के अनुसार, मृत व्यक्ति का सपने में आना हमारे अवचेतन मन और परलोक के बीच एक पुल की तरह है. यह सिर्फ एक साधारण सपना नहीं, बल्कि उनकी आशीर्वाद, चेतावनी या किसी अधूरी इच्छा के संकेत हो सकता है. जानकारों का मानना है कि जो परिजन हमसे बहुत जुड़े होते हैं, वे अक्सर संकट के समय हमारा मार्गदर्शन करने के लिए स्वप्न में प्रकट होते हैं.
सपने में मुस्कुराते हुए परिजन देखना
अगर कोई मृत परिजन सपने में अत्यंत शांत, प्रसन्न या मुस्कुराते हुए दिखाई दे, तो इसे एक अत्यंत शुभ संकेत माना जाता है. यह स्वप्न इस बात का संकेत देता है कि मृतक की आत्मा को शांति मिल चुकी है और वह उच्च लोक में प्रसन्न है. इसके अलावा यह सपना इस बात का भी संकेत हो सकता है कि वे आपको अपना आशीर्वाद दे रहे हैं. जल्द ही आपके जीवन की समस्याएं हल होने वाली हैं या घर में कोई मंगल कार्य होने वाला है.
सपने में रोते या क्रोधित परिजन को देखना
स्वप्न शास्त्र के मुताबिक अगर परिजन सपने में दुखी, रोते हुए या आपसे नाराज दिख रहे हैं, तो इसे नकारात्मक संकेत के रूप में देखा जाता है. यह स्वप्न इस बात का संकेत हो सकता है कि उनके निमित्त कोई श्राद्ध, तर्पण या धार्मिक अनुष्ठान अधूरा रह गया है. ऐसे सपने अक्सर आने वाले किसी पारिवारिक विवाद या आर्थिक संकट की पूर्व सूचना होते हैं. यह उनके असंतोष को दर्शाता है, जिसे दूर करने के लिए दान-पुण्य की सलाह दी जाती है.
बार-बार एक ही परिजन का दिखना
अगर कोई एक ही मृत परिजन बार-बार आपके स्वप्न में आ रहा है, तो यह स्थिति सावधानी की ओर इशारा करती है. स्वप्न शास्त्र के अनुसार, ऐसा तब होता है जब वे आपको किसी बड़े खतरे के प्रति सचेत करना चाहते हों या आपसे कुछ विशेष कहना चाह रहे हों. कई बार उनकी कोई ऐसी इच्छा जो वे जीवित रहते पूरी नहीं कर पाए, उसे पूरा करने के लिए वे आपसे संपर्क करने की कोशिश करते हैं. ऐसे में उनसे मिलने वाले संकेतों पर ध्यान देने की जरुरत है.
पितर परेशान दिखें तो क्या करें?
अगर आपको लगातार ऐसे सपने आ रहे हैं जो आपको मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं, तो शास्त्रों में इसके आसान उपाय बताए गए हैं. ऐसे में किसी गरीब या जरूरतमंद को उनकी पसंद का भोजन कराएं. पितृपक्ष या अमावस्या के दिन उनके नाम से जल तर्पण करें. इसके अलावा पूर्वजों के निमित्त उनके नाम से गीता के पाठ का फल उन्हें समर्पित करें, इससे आत्मा को जल्द शांति मिलती है.




