Bihar election margin list: बिहार चुनाव में मिली नजदीकी शिकस्त! सौ वोट से बन सकता था खेल, 11 प्रत्याशी जीत के करीब आकर हार गए
Bihar election margin list: बिहार विधानसभा चुनाव में 11 प्रत्याशी बेहद कम अंतर से जीत-हार के शिकार हुए। कुछ उम्मीदवार 30, 27 और 95 वोट से जीते। जानें किसका सौ वोट से किस्मत बदल सकती थी।

JHVP BHARAT NEWS/ BIHAR ELECTION
EDITED BY: PARWEZ BHARATIYA
Bihar election margin list: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे इस बार कई सीटों पर इतना रोमांच लेकर आए कि जीत और हार के बीच बस कुछ कदमों का फ़ासला रह गया। कई उम्मीदवार अंतिम राउंड तक आगे-पीछे होते रहे और गिनती पूरी होने पर समझ आया कि चुनाव किस दिशा में मुड़ गया। कुछ नेताओं की किस्मत तो सिर्फ कुछ दर्जन वोटों पर टिक गई, जबकि कई सीटों पर हज़ार वोट भी बेहद बड़े अंतर जैसे महसूस हुए।
सौ से कम वोटों से तय हुई सीटें
इनमें सबसे चौंकाने वाली जीत संदेश विधानसभा में देखने को मिली, जहां जदयू के उम्मीदवार राधाचरण साह महज़ 27 वोटों के अंतर से आगे निकल गए। यह नतीजा राज्य की सबसे सूक्ष्म जीतों में गिना जा रहा है। इसी तरह रामगढ़ में बसपा के सतीश कुमार सिंह यादव सिर्फ 30 वोटों से विजयी रहे। अगिआंव सीट पर भाजपा के महेश पासवान ने 95 वोटों की छोटी बढ़त के साथ जीत दर्ज की—एक ऐसा नतीजा जिसने आखिरी दौर तक मुकाबले को सांस रोक देने वाला बना रखा।
500 सौ से कम बढ़त वाली सीटें
कुछ सीटों पर अंतर थोड़ा बढ़ा, लेकिन फिर भी पूरा चुनाव बेहद नज़दीकी रहा। नवीनगर में जदयू के चेतन आनंद 112 वोटों की मामूली बढ़त से जीत सके। ढाका में राजद उम्मीदवार फैसल रहमान ने 178 वोटों से जीत हासिल की। फारबिसगंज में कांग्रेस के मनोज विश्वास 211 वोटों के अंतर से आगे रहे। बलरामपुर में लोजपा (रा) की संगीता देवी ने 389 वोटों का अंतर बनाया, जबकि बख्तियारपुर में पार्टी की जीत 991 वोटों पर रुकी। बोधगया में राजद के कुमार सर्वजीत 881 वोटों से जीतकर निकले। चनपटिया में कांग्रेस के अभिषेक रंजन और जहानाबाद में राजद के राहुल कुमार की जीत क्रमशः 602 और 793 वोटों से तय हुई।
एक से 5 हज़ार वोटों के भीतर सिमटे कड़े मुकाबले
बीस से अधिक सीटों पर मुकाबला इतना करीब रहा कि हज़ारों वोटों का अंतर भी बेहद पतला महसूस हुआ।जीरादेई में जदयू के भीष्म प्रताप सिंह ने 2628 वोटों की बढ़त बनाई, जबकि वाल्मीकिनगर में कांग्रेस के सुरेंद्र प्रसाद 1675 वोटों से आगे रहे। तरैया में भाजपा के जनक सिंह की जीत 1329 वोटों पर थमी। सहरसा में आईआईपी के इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता 2038 वोटों से विजयी हुए और टेकारी में राजद के अजय कुमार ने 2058 वोटों से सीट अपने नाम की।



