एक पत्र जो हँसा भी गया और रुला भी गया
पिता बेटे के उज्ज्वल भविष्य चाहता है, डर नहीं

JHVP BHARAT NEWS/ सन्देश मंच
Edited By: परवेज़ भारतीय
*🔥 आज की प्रेरणा प्रसंग 🔥
- एक पत्र जो हँसा भी गया और रुला भी गया
शाम का वक्त था। सूरज डूब रहा था और पिता ऑफिस से लौटकर थके कदमों से अपने बेटे के कमरे के पास पहुँचे। दरवाज़ा हल्का-सा खुला था। अंदर झाँकते ही पिता ठिठक गए।
कमरा… बिल्कुल साफ़। बिस्तर पर नई चादर, सब चीज़ें सलीके से रखी हुईं।टेबल पर रखा था एक लिफाफा – *पिता जी के लिए* लिखा हुआ।
हाथ काँपने लगे।आँखों में चिंता उतर आई।“आख़िर क्या हुआ मेरे बेटे को?”
धीरे-धीरे लिफाफा खोला।अंदर एक पत्र था – लंबा, काँपते शब्दों में लिखा हुआ।
*परम पूज्य पिता जी,*
*मैं घर छोड़कर हमेशा के लिए जा रहा हूँ…*
बस इतना पढ़ते ही दिल की धड़कनें तेज़ हो गईं। चेहरे पर पसीना छलक आया। आँखें डर से चौड़ी हो गईं।
पत्र आगे बढ़ता गया…, फिरोजा का नाम आया…, नशे का ज़िक्र…, पॉकेटमार दोस्तों की बातें…ड्रग्स सप्लाई का बिज़नेस…

हर पंक्ति जैसे एक तीर बनकर पिता के दिल में चुभ रही थी।
“हे भगवान… ये मैंने क्या पढ़ लिया…” पिता की आँखें भर आईं।उन्हें अपने पालन-पोषण, संस्कार, और बेटे की मासूमियत सब याद आने लगी।“कहीं मुझसे कोई गलती तो नहीं हुई?” उन्होंने खुद से पूछा। “कहीं मैंने प्यार देने में कसर तो नहीं छोड़ी?”
सन्नाटा पूरे घर में पसरा था। माँ पूजा के कमरे में दीया जलाकर बेटे के लौटने की दुआ कर रही थी। पिता के हाथ अब काँपने लगे थे। उन्होंने जैसे-तैसे पत्र के आख़िरी शब्द पढ़े – *“आपका प्यारा बेटा…”*
आँखों से आँसू ढलक पड़े। दिल में दर्द था, और मन में सैकड़ों सवाल। उसी वक्त, उन्होंने पन्ना पलटा।नीचे लिखा था –
*PTO*

धीरे से पन्ना पलटा…, और जैसे किसी ने भीतर से झकझोर दिया हो —
*“चिंता न करो, सामने वाले के यहाँ आईपीएल का मैच देख रहा हूँ…”*
*“बस ये बताना था कि इस बार रिज़ल्ट में नंबर बहुत कम आए हैं…”*
*“लेकिन नंबर कम आने से भी बुरा बहुत कुछ हो सकता है…”*
पिता के हाथ वहीं ढीले पड़ गए।
चेहरे पर हल्की मुस्कान आई, पर आँखों से आँसू रुक न सके।
एक ओर राहत थी कि बेटा ठीक है,दूसरी ओर दर्द था कि बेटे ने डर के मारे इतना बड़ा मज़ाक सोचा।
वो चुपचाप कुर्सी पर बैठ गए।
रिज़ल्ट देखा – बेटे के नंबर सचमुच बहुत कम थे।
कागज़ पर हस्ताक्षर करते हुए उन्होंने धीमे से कहा – “नंबर तो बढ़ जाएँगे बेटा, पर ये डर… कभी मत बढ़ाना।”
रात गहरी हो चली थी। टीवी पर मैच की आवाज़ आ रही थी। माँ मुस्कुरा रही थी कि बेटा पड़ोस में है।पर पिता की आँखें आज भीगी हुई थीं, क्योंकि वो जानते थे, ये मज़ाक नहीं था,ये एक डर था जो हर बेटे के मन में छुपा रहता है…
कि “पापा क्या सोचेंगे?”

*👉शिक्षा*
कभी-कभी बच्चों की छोटी-सी गलती या डर उन्हें बहुत दूर ले जा सकता है।जरूरत है — डाँट से पहले एक बार प्यार से सुनने की,
क्योंकि हर बेटा अपने पिता से सिर्फ यही चाहता है — *“डाँटो पापा, लेकिन छोड़ो मत।”*

*सदैव प्रसन्न रहिये – जो प्राप्त है, पर्याप्त है।*
*जिसका मन मस्त है – उसके पास समस्त है ।।*





