भारत ने एशिया कप हॉकी 2025 का जीता खिताब , कोरिया को 4-1 से हराया I
फाइनल में भारत की ओर से दिलप्रीत सिंह ने दो गोल दागे I

JHVP BHARAT NEWS/ BIHAR/ NALANDA
EDITED BY : PARWEZ BHARATIYA
नालंदा – भारत ने एशिया कप मेंस हॉकी 2025 का खिताब अपने नाम कर एशियाई हॉकी में नया अध्याय लिख दिया। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 4-1 से मात दी। इस जीत के साथ भारत ने 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया।
फाइनल में भारत की ओर से दिलप्रीत सिंह ने दो गोल दागे, जबकि अमित रोहिदास और सुखजीत सिंह ने एक-एक गोल कर टीम की बढ़त को मजबूत किया। कोरिया की ओर से डेन सोन ने एकमात्र गोल किया। मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया और पहले ही मिनट में बढ़त हासिल कर ली।

दिन के अन्य मुकाबलों में मलेशिया ने चीन को 4-1 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि चीन चौथे स्थान पर रहा। जापान ने बांग्लादेश को 6-1 से पराजित कर पांचवां स्थान हासिल किया और बांग्लादेश को छठे स्थान से संतोष करना पड़ा।
फाइनल मुकाबले से पहले उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।





